24 दिन बाद दुबई से बुधवार को आएगा राडधना के विवेक सोम का शव, परिवार को विदेश मंत्रालय ने दी सूचना

सरधना। सरधना विधानसभा क्षेत्र के राडधना गांव निवासी 26 वर्षीय विवेक सोम का शव 24 दिन बाद बुधवार को दुबई से भारत लाया जाएगा। इस संबंध में विदेश मंत्रालय द्वारा परिजनों को सूचना दी गई है। विवेक की 10 मई को दुबई के शारजाह में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, जिसके बाद से परिवार न्याय और शव को भारत लाने की मांग कर रहा था।

परिजनों के अनुसार, विवेक सोम छह महीने पहले इलेक्ट्रॉनिक्स का काम करने के लिए दुबई गया था। वह वहां एक कंपनी में कार्यरत था और हर महीने परिवार के भरण-पोषण के लिए पैसे भेजता था। 15 वर्ष पहले पिता प्रवीण सोम के निधन के बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी विवेक के कंधों पर आ गई थी। परिवार में उनकी मां, एक छोटा भाई और एक बहन हैं।

11 मई को विवेक के दोस्तों ने गांव में फोन कर उसकी मौत की सूचना दी थी। परिजनों का कहना है कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

गांव के प्रधान विश्वास सोम और राहुल सोम ने बताया कि विवेक बेहद मिलनसार और जिम्मेदार युवक था। वह अपने भाई-बहन के भविष्य को संवारने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए विदेश गया था, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि उसका शव वापस आएगा।

ग्रामीणों और परिजनों ने लगातार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से हस्तक्षेप की मांग की थी। विदेश मंत्रालय के प्रयासों के बाद अब सूचना मिली है कि बुधवार को विवेक सोम का शव दिल्ली पहुंचेगा, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए गांव लाया जाएगा। साथ ही परिजन विवेक की मौत की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *