
फलावदा :- नगर पंचायत फलावदा द्वारा वार्ड संख्या 4 एवं 5 के मुख्य बाजार क्षेत्र में वृहद जन-जागरूकता प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान का सफल आयोजन किया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया।
नगर पंचायत की टीम ने लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए इसके उपयोग से बचने की अपील की। साथ ही दुकानों एवं घरों से निकलने वाले कचरे को डस्टबिन में एकत्र कर नगर पंचायत द्वारा संचालित कचरा संग्रहण वाहन में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान को स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों का सकारात्मक सहयोग मिला। लोगों ने स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त फलावदा के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। नगर पंचायत अधिकारियों ने कहा कि जनसहयोग से ही स्वच्छता अभियान को सफल बनाया जा सकता है और नगर को आदर्श एवं स्वच्छ बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान नागरिकों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया गया। नगर पंचायत ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में अपना योगदान दें।
“एक कदम स्वच्छता की ओर” और “फलावदा की ब्यूटी, हम सबकी ड्यूटी” के प्रेरक संदेशों के साथ अभियान का समापन हुआ।

