मेरठ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सोमवार, 21 सितंबर को मेरठ पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी कार्यक्रमों में शामिल हैं। नितिन नबीन का 21 और 22 सितंबर को पश्चिमी यूपी का दो दिवसीय दौरा है।
काशी टोल प्लाजा पर हुआ जोरदार स्वागत
मेरठ पहुंचने पर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नितिन नबीन का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला सुभारती विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुआ। रास्ते में भी कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया गया।
सुबह 11:30 बजे युवा सम्मेलन
नितिन नबीन का पहला प्रमुख कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय के मांगल्य सभागार में युवा सम्मेलन का है। इसमें वह युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े विषयों और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा प्रस्तावित है।
दोपहर 1:45 बजे शक्ति केंद्र सम्मेलन
इसके बाद दोपहर 1:45 बजे सुभारती विश्वविद्यालय परिसर में पश्चिमी क्षेत्र का शक्ति केंद्र सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संगठनात्मक जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से करीब 4,800 शक्ति केंद्र संयोजक एवं मंडल अध्यक्ष शामिल होंगे।
सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पदाधिकारियों से संवाद किया जाएगा।
शाम को संगठनात्मक बैठकें
सुभारती विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों के बाद नितिन नबीन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मेरठ-रुड़की रोड स्थित होटल ब्रावुरा में संगठनात्मक बैठकों में शामिल होने का कार्यक्रम है। यहां पश्चिम क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक के अलावा पूर्व पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं के साथ भी संवाद प्रस्तावित है।
21 सितंबर को मेरठ में रात्रि प्रवास
नितिन नबीन का 21 सितंबर की रात मेरठ में रात्रि प्रवास रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मेरठ प्रवास नितिन नबीन के मुकाबले सीमित अवधि का बताया गया है।
22 सितंबर की सुबह प्रबुद्धजनों से संवाद
22 सितंबर की सुबह नितिन नबीन मेरठ में प्रबुद्धजनों और समाज के विशिष्ट लोगों के साथ संवाद करेंगे। इसके बाद वह ऐतिहासिक औघड़नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नितिन नबीन सड़क मार्ग से सहारनपुर के लिए रवाना होंगे।
सहारनपुर में संगठनात्मक बैठकों का कार्यक्रम
सहारनपुर पहुंचने के बाद नितिन नबीन का पार्टी कार्यकर्ता के आवास पर भोजन करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह पश्चिमी क्षेत्र के पूर्व सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों और जिला महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक बैठक प्रस्तावित है।
कार्यक्रम स्थलों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। कार्यक्रम स्थलों और प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी पुलिस-प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

