मेरठ में रविवार को एयरफोर्स के एयर शो ने शहरवासियों को रोमांच से भर दिया। न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में आयोजित इस दो दिवसीय कार्यक्रम के दूसरे दिन भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम ने आसमान में ऐसे करतब दिखाए कि हजारों दर्शक अपनी नजरें विमानों से हटा नहीं सके।
शो के दौरान 9 हॉक MK-132 विमानों ने एक साथ उड़ान भरकर शानदार फॉर्मेशन बनाए। विमानों ने बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते हुए हवा में दिल का आकार बनाया। इसके साथ ही धुएं की लकीरों के जरिए आसमान में तिरंगे का रंग उकेरा गया। यह दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौके पर मौजूद रहे।
कुछ ही मीटर की दूरी पर उड़ते दिखे विमान
सूर्यकिरण टीम के पायलटों ने करीब 30 मिनट तक अलग-अलग एयरोबैटिक फॉर्मेशन और स्टंट प्रस्तुत किए। कई मौकों पर विमान एक-दूसरे से बेहद कम दूरी पर उड़ते नजर आए। कभी विमान तेजी से नीचे की ओर आते तो अगले ही पल ऊंचाई पकड़ लेते। दो विमानों के आमने-सामने से गुजरने वाले करतब ने दर्शकों में खासा रोमांच पैदा किया।
एयर शो के दौरान मैदान में मौजूद करीब 50 हजार दर्शकों ने तालियों और सीटियों से पायलटों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम स्थल ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों से गूंजता रहा।
हिंडन एयरबेस से भरी उड़ान
सूर्यकिरण एयरोबैटिक टीम के 9 हॉक MK-132 विमानों ने गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से उड़ान भरकर मेरठ में आयोजित एयर शो में हिस्सा लिया। दो दिन तक चले इस कार्यक्रम को देखने के लिए मेरठ के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सोमेंद्र तोमर और भाजपा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी मौजूद रहे। मेरठ के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भी परिवार के साथ एयर शो देखा।
मेरठ के तीन पायलटों की रही खास भूमिका
इस एयर शो की खास बात यह रही कि सूर्यकिरण टीम में मेरठ से जुड़े तीन पायलट भी शामिल थे। स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल और स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह ने हवा में विमानों को कमान संभाली, जबकि स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल ने जमीन से पूरे शो के संचालन और समन्वय की जिम्मेदारी संभाली।
एयर शो देखने पहुंचे लोगों को जाम ने रोका
कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह था, लेकिन भारी भीड़ के कारण ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई। करीब 2 किलोमीटर लंबा जाम लगने से कई लोग एयर शो के ग्राउंड तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में लोगों ने सड़क और रास्ते में रुककर ही आसमान में हो रहे एयरोबैटिक प्रदर्शन का आनंद लिया।
मेरठ का यह एयर शो शहरवासियों के लिए यादगार बन गया। आसमान में लड़ाकू विमानों की तेज रफ्तार, शानदार फॉर्मेशन, तिरंगे की आकृति और सूर्यकिरण टीम के पायलटों के करतब ने कार्यक्रम को खास बना दिया।

