राष्ट्रीय लोक दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक संपन्न, संगठन विस्तार और किसान हितों पर बड़े फैसले

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह की अध्यक्षता में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन की भावी रणनीति, वैचारिक विस्तार और जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

बैठक में किसान हित, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, महिलाओं की भागीदारी और युवाओं की सक्रिय भूमिका को लेकर विशेष चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और नई पीढ़ी को जोड़ने पर जोर दिया।

बैठक में सर्वसम्मति से कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। निर्णय लिया गया कि पार्टी के सभी स्तरों पर महिलाओं की सक्रिय और प्रभावशाली भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। वहीं उत्तर प्रदेश में संगठन को और मजबूत करने के लिए प्रदेश संगठन का जल्द पुनर्गठन किया जाएगा तथा प्रत्येक बूथ पर 7 से 8 सदस्यों की सक्रिय बूथ समितियों का गठन होगा।

इसके अलावा केंद्रीय संसदीय बोर्ड के गठन को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई, जिसकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयन्त सिंह को सौंपी गई। बैठक में चौधरी चरण सिंह विचार मंच के पुनर्गठन का भी निर्णय लिया गया, जो उनकी विचारधारा और किसान-हितैषी नीतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें संगठनात्मक कार्य, पार्टी की नीतियों और प्रचार-प्रसार के कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर पूरे प्रदेश में वर्षभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से उनकी किसान-हितैषी सोच और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

पार्टी नेताओं ने इस बैठक को संगठनात्मक विस्तार और भविष्य की राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *